बकावंड ब्लॉक के आश्रम छात्रावास बेहाल, संकटों के बीच रह रहे हैं विद्यार्थी : हेमंत कश्यप

0 युवा कांग्रेस नेता कश्यप ने उठाया छात्रावासों की बदहाली का मुद्दा 
0 अपर कलेक्टर बस्तर और सहायक आयुक्त को सौंपा ज्ञापन 

बकावंड। विकासखंड बकावंड में आदिम जाति कल्याण एवं विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रमों एवं छात्रावासों की बदहाली के खिलाफ बस्तर जिला युवा कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। हेमंत कश्यप ने छात्रावासों और आश्रमों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने की जानकारी देते हुए बस्तर के अपर कलेक्टर एवं विभाग के सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
विकासखंड के आश्रम, छात्रावासों का दौरा करने के बाद युवा कांग्रेस बस्तर के पूर्व उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने छात्र छात्राओं को राहत पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की है। युवा नेता हेमंत कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने आज आदिम जाति विकास विभाग बस्तर के सहायक आयुक्त और अपर कलेक्टर बस्तर सीपी बघेल को ज्ञापन सौंपकर बकावंड विकासखंड अंतर्गत संचालित आश्रमों एवं छात्रावासों की जर्जर स्थिति तथा वहां व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र के अनेक आश्रमों एवं छात्रावासों में भवनों की स्थिति अत्यंत खराब है। छात्र-छात्राओं को पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। आगामी शैक्षणिक सत्र एवं वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए इन संस्थानों में तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की आवश्यकता है। हेमंत कश्यप ने कहा कि आदिवासी अंचल के छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करने के लिए आश्रमों एवं छात्रावासों पर निर्भर हैं। यदि समय रहते आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य नहीं किए गए तो विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि बकावंड विकासखंड के सभी आश्रमों एवं छात्रावासों का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की मरम्मत तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सके।
अपर कलेक्टर सीपी बघेल ने ज्ञापन प्राप्त कर विषय पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीण एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विजय भारती, सुनील बिसाई, रामदास बघेल, हादमो कश्यप, सुदर कश्यप, सुखदेव कश्यप, तोरका बघेल, रामलाल मंडावी, देवनाथ ठाकुर, एकादशी बघेल, रामचंद्र बघेल एवं मुकेश देवागन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *