
0 ईसाई संगठन ने प्रार्थना सभा पर हमले का लगाया आरोप, पुलिस ने बताया मामला जमीन विवाद का
जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिले में कथित धर्मांतरण को लेकर ग्रामीण और ईसाई समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हो गया। हिंसा में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईसाई समुदाय के लोग प्रार्थना सभा में हमले का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस इसे जमीन विवाद से जुड़ा मामला बता रही है।
मामला सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के ग्राम साडरापाल का है। यहां रविवार को हुई हिंसक झड़प के बाद विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। गांव में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान हुए विवाद में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ईसाई संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना कर रहे लोगों पर ग्रामीणों के एक समूह ने हमला कर दिया। संगठन का दावा है कि घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।स्थानीय स्तर पर इस घटना को कथित धर्मांतरण गतिविधियों से भी जोड़ा भी जा रहा है। क्षेत्र में पूर्व से मतांतरण को लेकर विवाद और सामाजिक तनाव की स्थिति समय-समय पर निर्मित होती रही है। हालांकि पुलिस का पक्ष इससे अलग है। तोंगपाल थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला भूमि संबंधी एवं आपसी विवाद का सामने आया है। प्रार्थी हिडमा कवासी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।