सीआरपीएफ के जवानों ने तो दिल ही जीत लिया शहर का

०  फोर्स के 41वें स्थापना दिवस पर 80वीं वाहिनी ने चलाया सफाई अभियान 
जगदलपुर। हाथों में बंदूक की जगह झाड़ू थाम कर शहर की सड़कों पर निकले में सीआरपीएफ 80वीं वाहिनी के जवानों को देख शहरवासी गदगद हो उठी। जवानों ने अपनी सेवा भावना से पूरे शहर का दिल जीत लिया। सचमुच बेमिसाल हैं हमारे सुरक्षा जवान। ये दुश्मनों से हमारी सुरक्षा ही नहीं करते बल्कि हमारी सेहत का भी पूरा ध्यान रखते हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 41वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बल की 80वीं वाहिनी के जवानों और अधिकारियों ने जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

कमांडेंट जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में वाहिनी के अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। जवानों एवं उपस्थित लोगों ने मिलकर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य किया तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं समाज को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर कमांडेंट जितेंद्र कुमार ने उपस्थित जवानों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गांव, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो हमारा देश स्वच्छ एवं सुंदर बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वच्छता एम्बेसेडर कोटेश्वर राव नायडू एवं शरद श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वाहिनी अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी ओम कुमार गुप्ता, सहायक कमांडेंट, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया तथा समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *