दुर्ग। जिले के आर्य नगर इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मकान में गोविंद साहू (45) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40) के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो बच्चोंबेटी दृष्णा साहू (13) और बेटा यशांत साहू (10)के शव बिस्तर पर पाए गए।
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि बच्चों की मौत में नशीले पदार्थ या इंजेक्शन के उपयोग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। बताया जा रहा है कि गोविंद साहू प्राइवेट नौकरी करते थे और परिवार हाल ही में ओडिशा से आए परिजनों के साथ घर पर मौजूद था। रात में सभी ने साथ में भोजन किया था, जिसके बाद परिवार सोने चला गया था। सुबह घटना का खुलासा होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पारिवारिक विवाद का उल्लेख बताया जा रहा है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।