नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, गांजा तस्कर रवि साहू की ₹7.66 करोड़ की संपत्ति सीज

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। अंतरराज्यीय गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू की करोड़ों रुपये की संपत्तियों को सीज कर दिया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस मामलों में पहली बार SAFEMA कानून के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी कुल 16 संपत्तियों को जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 7 करोड़ 66 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार रवि साहू लंबे समय से गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और अवैध कारोबार से अर्जित धन को उसने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर निवेश कर संपत्तियां बनाई थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पत्नी, पुत्र और माता के नाम पर रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में कृषि भूमि, प्लॉट, मकान और व्यावसायिक संपत्तियां खरीदी थीं।

रवि साहू के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 55 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा रहा है और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद सभी संपत्तियों को चिन्हित कर उनके दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसके बाद SAFEMA (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की गई और संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के तहत अब इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण या किसी भी प्रकार का लेन-देन बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के संभव नहीं होगा।

रायपुर पुलिस ने इस मामले में विस्तृत प्रतिवेदन SAFEMA प्राधिकरण, मुंबई को भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई प्रभावी हुई। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भी वित्तीय जांच की जा रही है और आने वाले समय में ऐसी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम नशा कारोबारियों के लिए एक कड़ा संदेश है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को अब किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *