रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ठक्कर बाबा वार्ड में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए विधायक राजेश मूणत ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन पानी टंकी और महतारी सदन परियोजना का विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों को दिसंबर माह तक दोनों परियोजनाओं को पूर्ण कर जनता को सौंपने के सख्त निर्देश दिए।
पानी टंकी परियोजना पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने जल आपूर्ति व्यवस्था की गुणवत्ता और दीर्घकालिक जरूरतों पर जोर देते हुए अधिकारियों से विस्तृत प्रोग्राम चार्ट मांगा। उन्होंने पानी भरने की पूरी प्रक्रिया, समयसीमा और स्रोतों की उपलब्धता की जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि वार्ड के हर घर तक समान दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल पहुंचे, इसके लिए पाइपलाइन नेटवर्क की पूरी मैपिंग तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जलापूर्ति शुरू होने के बाद किसी भी नागरिक को पानी की समस्या का सामना नहीं करना चाहिए।

महतारी सदन बनेगा महिलाओं का सशक्तिकरण केंद्र
निर्माणाधीन महतारी सदन का निरीक्षण करते हुए राजेश मूणत ने इसे केवल एक भवन न बताकर महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और सशक्तिकरण का प्रमुख केंद्र बनाने पर बल दिया। उन्होंने फिनिशिंग कार्य में तेजी लाने, सुरक्षा व्यवस्था, बैठकों के लिए हॉल और अन्य जरूरी सुविधाओं को उच्च स्तर का बनाने के निर्देश दिए।
मूणत ने कहा, “दिसंबर तक इस भवन को पूरा कर वार्ड की महिलाओं को सामाजिक कार्यक्रमों और बैठकों के लिए एक बेहतर एवं सुरक्षित मंच उपलब्ध कराया जाएगा।”
गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर कार्रवाई
विधायक ने निर्माण कार्यों में बेहतरीन गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि घटिया सामग्री या तकनीकी खामी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अनियमितता पाई गई तो संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो बार साइट पर पहुंचकर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
सभी वार्डों में होगी नियमित समीक्षा
राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम के सभी वार्डों में विकास कार्यों की इसी तर्ज पर नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने ठक्कर बाबा वार्ड में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान और महतारी सदन के निर्माण को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में अहम कदम बताया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के सभापति सुर्यकांत राठौर, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, वार्ड पार्षद सहित स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।