0 वन विभाग की जमीन को कब्रिस्तान बनाने की कोशिश का लगाया आरोप
0 पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
जगदलपुर। बस्तर जिले की भानपुरी तहसील के करंदौला ग्राम में धर्मांतरित हो चुकी 83 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका रुक्मिणी कुर्रे की मौत के पश्चात उसकी लाश को गांव में दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने गांव में स्थित वन विभाग की जमीन पर शव दफनाने से रोक दिया। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। भानपुरी पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को करकापाल में दफनाने पर सहमति बनी।जिला मुख्यालय जगदलपुर से महज 20 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत करंदोला में एक ईसाई मतांतरित महिला रुक्मणि कुर्रे की मृत्यु हो गई थी। 83 वर्षीय रुक्मणि कुर्रे सेवनिवृत शिक्षिका थीं। आरोप है कि ईसाई समुदाय के लोग अवैध तरीके से वन विभाग की जाली लगी हुई जमीन पर फेंसिंग तार एवं पोल को तोड़कर कफन दफन करने की फिराक में थे। जैसे ही ग्रामीणों को पता चला एक दूसरे को सूचित कर गांव के लोग कफन दफन वाले स्थान पर जमा हो गए। वहां कब्र के लिए गड्ढा खोदा जा चुका था। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए जमीन पर कथित कब्जा करने से रोक दिया। जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों पक्षों को शांत करने में लग गई। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का पुरजोर विरोध जारी रहा। ग्रामीणों के कड़े तेवर को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शव को जगदलपुर करकपाल कब्रिस्तान में ले जाकर दफनाने की सलाह मृतका के परिजनों को दी, जिस पर परिजन मान गए। बजरंग दल विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। बस्तर क्षेत्र में ऐसी कई घटनाएं घट चुकी हैं और बजरंग दल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार अपनी कार्य करता है। बस्तर पांचवीं अनुसूची क्षेत्र है, जहां पेसा कानून लागू है। बस्तर जैसे शांतिप्रिय क्षेत्र में ईसाई मिशनरी गांवों में माहौल खराब कर रही है। यह निंदनीय कृत्य है और इसके चलते बार बार अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ईसाई मिशनरी संविधान की दुहाई देती है, मगर उसका पालन नहीं करती। सिकंदर कश्यप ने आगे कहा कि सुप्रीप कोर्ट का सख्त निर्देश है सरकार द्वारा आबंटित भूमि पर बने कब्रिस्तान पर ही कफन दफन हो। अगर यह ईसाई मिशनरी अपनी करतूत से बाज नहीं आती है, तो सभी सनातनी हिंदू समाज एवं बजरंग दल के लोग उनका पुरजोर विरोध करते रहेंगे। इस अवसर पर मध्य बस्तर विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप, विभाग सेवा प्रमुख अनिल अग्रवाल, जिला सह मंत्री घनश्याम नाग, सह संयोजक योगेश रैली, युवा मोर्चा मंत्री रामप्रसाद मौर्य, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कमलेश दीवान, प्रखंड उपाध्यक्ष महेंद्र देवांगन, संयोजिका आस्था गुप्ता, प्रखंड संयोजक छबिल ठाकुर, जागेश्वर कश्यप, नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु, नगर संयोजक जगदीश ठाकुर, गौ रक्षा प्रमुख देव यादव, शत्रुघ्न कश्यप, सह गौ रक्षा प्रमुख पवन नामदेव, पूर्व जिला संयोजक नरेश कोरी, ओमप्रकाश कश्यप, अशोक ताम्रकार, नरेंद्र राठौर एवं संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।विदित हो कि भानपुरी तहसील में वर्षों से धर्मांतरण का खेल चल रहा है, चूंकि यह क्षेत्र वर्तमान केबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी का है अतः विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता अब ऐसे मामले पर काफी तीखी प्रतिक्रिया दे कर इसका विरोध करने लगे हैं।
मझाईश से शांत हुआ माहौल
पुलिस को मौखिक जानकारी मिली थी। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमारी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हमने दोनों पक्ष को समझाईश दी। इसके बाद शव को करकापाल ले जाकर दफनाने पर सहमति बनी।–
श्री धुरंधर,टीआई, भानपुरी थाना