बस्तानार की “बिजली रानी” का “तूफान सिंह” ने किया किडनैप

० सात दिनों से सात गांवों के लोग कर रहे हैं इंतजार
०  सुशासन तिहार के बीच सरकारी दफ्तरों में पसर गया है सन्नाटा 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। ऐन सुशासन तिहार के बीच बस्तर जिले के बस्तानार ब्लॉक की लाड़ली “बिजली रानी” का शातिर अपराधी “तूफान सिंह” ने किडनैप कर लिया है। अचानक और लंबे समय तक बिजली रानी के गायब हो जाने से बास्तानार ब्लॉक के सात गांवों और सरकारी दफ्तरों में कोहराम मच गया है। बिजली के चले जाने से गम का आलम ऐसा है किअधिकारी कर्मचारी काम नहीं कर पा रहे हैं।
दरअसल बिजली रानी कोई युवती नहीं, बल्कि हम सबके जीवन का आधार बन चुकी बिजली यानि विद्युत है। वहीं तूफान सिंह कोई अपराधी तत्व नहीं, बल्कि वह प्राकृतिक हलचल है, जिसने लंबे समय से बस्तर जिले में लोगों को परेशान कर रखा है। आए दिन यहां आंधी तूफान और ओलावृष्टि के हालात बनते रहते हैं। हवा का हल्का झोंका आया नहीं कि बिजली रानी रूठ कर भाग जाती है और घंटों नहीं लौटती। लाइन मेंटेनेन्स के नाम पर लाखों रुपए खर्च करने वाली विद्युत कंपनी के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर बार बार गुल हो जाने वाली बिजली सवाल भी खड़े कर जाती है। अभी सप्ताह भर से बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड के सात से अधिक गांवों की बिजली गुल है। ग्रामीणों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। वहीं जनपद कार्यालय, तहसील कार्यालय, खंड शिक्षा कार्यालय समेत तमाम सरकारी कार्यालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में अधिकारियों और कर्मचारियों का बुरा हाल हो रहा है। पिछले शनिवार से गायब हुई बिजली का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।जानकारी के अनुसार, बिजली पिछले कुछ समय से बार-बार जाती रही है, लेकिन इस बार ऎसी गायब हुई कि हफ्ते भर बाद भी नहीं लौटी है।बिजली के बिना आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

7 गांवों के ग्रामीण जुटे तलाश में
बिजली की तलाश में आसपास के सात गांवों के ग्रामीण लगातार जंगल, नदी किनारे और संभावित ठिकानों पर खोजबीन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई, इसलिए लोग काफी चिंतित हैं। कई जगहों पर लोगों ने समूह बनाकर दिन-रात तलाश अभियान चलाया है।मगर न कहीं पोल गिरा नजर आया, न तार टूटा हुआ दिखा। बिजली के बिना ग्रामीण भले ही परेशान हैं, मगर बिजली को लेकर मजे भी ले रहे हैं।

बिजली और तूफान का कनेक्शन
गांव में यह चर्चा भी तेजी से फैल रही है कि “तूफान” नाम का एक युवक पिछले कुछ दिनों से इलाके में देखा जा रहा था। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि दोनों के बीच करीबी संबंध थे और संभव है कि दोनों साथ फरार हो गए हों। हालांकि पुलिस यानि संबंधित विभाग विद्युत कंपनी ने अभी तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहे हैं।

जनपद दफ्तर का काम प्रभावित
बिजली के अचानक लापता होने से जनपद पंचायत का कामकाज भी प्रभावित हो गया है। कई जरूरी फाइलें और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य रुके हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र के कई कार्यों में देरी हो रही है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पूरे बस्तानार क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग जल्द से जल्द बिजली के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *