
0 परमानंद जैन प्रदेश अध्यक्ष, अवनीत सिंह महामंत्री और विजय पटेल कोषाध्यक्ष नियुक्त
0 अनुभव और युवा ऊर्जा के संयोजन से कैट छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई गति : अमर पारवानी
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश नेतृत्व की नई टीम की घोषणा की है। राष्ट्रीय नेतृत्व की अनुशंसा और प्रदेश कोर कमेटी की सर्वसम्मति से हुई बैठक में वरिष्ठ व्यापारी नेता परमानंद जैन को प्रदेश अध्यक्ष, युवा व्यापारी नेता अवनीत सिंह को प्रदेश महामंत्री तथा विजय पटेल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही राजेंद्र खटवानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस संबंध में कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के तत्कालीन चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, तत्कालीन महामंत्री सुरिंदर सिंह, तत्कालीन कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंथन, वासु माखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमेन बृजमोहन अग्रवाल तथा राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी की अनुशंसा पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
पदाधिकारियों ने बताया कि कैट छत्तीसगढ़ अब प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील और स्थानीय व्यापारिक संगठनों तक मजबूत संगठनात्मक संरचना तैयार करने की दिशा में कार्य करेगा। नई टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार के अनुकूल नीतियों के निर्माण, ई-कॉमर्स और विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष तथा छोटे और मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। साथ ही “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक जगत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में एक मजबूत, संगठित और सक्रिय व्यापारी संगठन की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। नई टीम अनुभव और युवा नेतृत्व के समन्वय के साथ प्रदेशभर के 12 लाख व्यापारियों के उत्थान और प्रगति के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेगी।
राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कैट लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में संगठन प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि नई टीम व्यापारियों के मुद्दों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और व्यापारी केंद्रित बनाया जाएगा। प्रदेशभर में संगठन विस्तार, व्यापारिक जागरूकता अभियान और स्थानीय व्यापारिक इकाइयों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कैट छत्तीसगढ़ आधुनिक कार्यप्रणाली, युवा सहभागिता और डिजिटल समन्वय के माध्यम से संगठन को नई दिशा देगा। प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सदस्यता और संवाद अभियान चलाया जाएगा। संगठन की पारदर्शी और व्यवस्थित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देते हुए व्यापारिक गतिविधियों और अभियानों का प्रभावी संचालन किया जाएगा।
कैट पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल के बल पर छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा व्यापारियों के हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व, कैट छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और व्यापारी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।