भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ,सासंद महेश कश्यप एवं महापौर संजय पांडे ने जगदलपुर शहर में 24 करोड़ 72 लाख की विकास कार्यों की दी सौगात

जगदलपुर। शहर में विकास कार्यों की नई शुरुआत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव, सांसद महेश कश्यप और महापौर संजय पांडे ने 24 करोड़ 72 लाख 60 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान शहर के ऐतिहासिक दलपत सागर के विकास एवं सौंदर्यीकरण सहित सड़क और अधोसंरचना से जुड़े 36 कार्यों की आधारशिला रखी गई।

नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत करीब 9 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से दलपत सागर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। योजना के तहत को-वाल, रिटर्निंग वॉल, पेवर ब्लॉक, चौपाटी निर्माण, पार्किंग, विद्युतीकरण और अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

इसके अलावा मुक्तिधाम से समुंद चौक, पावर हाउस से पंच पथ चौक होते हुए आमागुड़ा चौक तक सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य करीब 10 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। वहीं चित्रकोट मार्ग में पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य 2 करोड़ 26 लाख रुपए से कराया जाएगा।

शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली, पुलिया, शेड और आरसीसी नाला निर्माण जैसे कई विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इनमें सिविल लाइन, सदर, प्रतापदेव, बालाजी, मोतीलाल नेहरू, इंदिरा, दंतेश्वरी, राजेंद्र प्रसाद, गंगानगर, लोकमान्य तिलक, अब्दुल कलाम और महाराणा प्रताप वार्ड सहित कई इलाकों के कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने और बुनियादी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों और परियोजनाओं का भूमिपूजन हुआ है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विकास और प्रगति के नए रास्ते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में शहर में लगातार विकास कार्य होने की बात कही।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता की मांग के अनुरूप तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं और शहर की तस्वीर लगातार बदल रही है। वहीं महापौर संजय पांडे ने कहा कि दलपत सागर के सौंदर्यीकरण सहित सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि, वार्डवासी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *