
जगदलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेलवे कॉलोनी जगदलपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परिणामों की घोषणा के साथ ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्राचार्य श्री श्रीलाल वर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा परिणामों को लेकर विद्यार्थियों पर दबाव स्वाभाविक है, लेकिन हमें उन्हें हमेशा प्रोत्साहित करते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देनी चाहिए। वहीं बोर्ड परीक्षा प्रभारी श्रीमती आशा राव ने छात्रों की मेहनत और लगन की सराहना की। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अध्ययन कर श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त किए हैं। यह सफलता उनके निरंतर प्रयास और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
कक्षा दसवीं में कुमारी रागिनी मांडवी ने 91.6 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके बाद कुमारी भूमिका मरकाम ने 89.5 प्रतिशत और कुमारी नूरमनी मंडावी ने 89.1 प्रतिशत अंक हासिल कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह कक्षा 12वीं में कुमारी वैष्णवी तलाण्डी 83 प्रतिशत अंकों के साथ अव्वल रहीं, जबकि कुमारी हीर लहरे ने 82.2 प्रतिशत और कुमारी शिफा दास ने 79.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
श्रीमती राव ने आगे बताया कि विद्यालय के कई छात्रों ने न केवल अच्छे अंक प्राप्त किए, बल्कि विशिष्ट श्रेणी में स्थान अर्जित कर विद्यालय का गौरव भी बढ़ाया है। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।