
0 कानून, अपराधों और अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने तथा आमजन को विधिक एवं सामाजिक विषयों पर जागरूक करने के उद्देश्य से “मावा पुलिस” अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 29 अप्रैल को ग्राम मोदकपाल में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना मोदकपाल के प्रभारी निरीक्षक आकाश मसीह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव सिंह ठाकुर, महिला एवं बाल विकास विभाग की शीला भारद्वाज, रोड सेफ्टी सेल के आरक्षक अवध राम सिन्हा तथा साइबर क्राइम शाखा की भारती देवांगन ने विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
निरीक्षक आकाश मसीह द्वारा पुलिस-जन संवाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों को किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से त्वरित संपर्क करने एवं सूचनाएं साझा करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं से संबंधित कानूनों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव सिंह ठाकुर ने यातायात नियमों, ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जागरूक किया। रोड सेफ्टी सेल के आरक्षक अवध राम सिन्हा ने सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं सावधानियों के पालन पर विशेष जोर दिया। साइबर क्राइम शाखा से भारती देवांगन ने साइबर अपराधों के प्रकार एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में जानकारी दी। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की शीला भारद्वाज ने सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह निषेध, महिलाओं के अधिकार एवं कर्तव्य तथा पीड़ित महिलाओं को प्रदत्त भरण-पोषण भत्ता संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।उल्लेखनीय है कि जिले में शांति एवं विकास की दिशा में सकारात्मक वातावरण स्थापित होने के पश्चात जिला पुलिस द्वारा “मावा पुलिस” अभियान के माध्यम से नागरिकों को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने हेतु इस, प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी, यातायात स्टाफ एवं थाना मोदकपाल का पुलिस बल उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन में कानून के प्रति जागरूकता एवं पुलिस के प्रति विश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि परिलक्षित हुई।