
० पुनः मरम्मत कार्य में जुटा है नगर निगम का अमला
जगदलपुर। सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कमिश्नर ऑफिस के बाजू गली में फूटी पेयजल पाईप लाइन की मरम्मत के लिए नगर निगम के अमले द्वारा की गई सारी मेहनत पर पानी फिर गया।कुछ ही देर में पाईप लाइन फिर फूट गई। वार्ड के सैकड़ों परिवार बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार और उसके कर्मचारियों की लापरवाही के चलते नया मुंडा वार्ड की पेयजल पाईप लाइन ध्वस्त हो गई थी। नगर निगम का जल कार्य विभाग सक्रियता के साथ पाईप लाइन की मरम्मत में जुट गया, मगर निगम के अमले की सारी मेहनत तब मिट्टी में मिल गई जब आज पाईप लाइन फिर फूट गई। इससे जाहिर होता है कि ठेकेदार की भारी भरकम मशीन ने पाईप लाइन को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में अब सवाल यह है कि उस लापरवाह ठेकेदार पर क्या कार्रवाई की जाएगी, जिसने सैकड़ों परिवारों को पानी के लिए तरसा दिया है। बताया गया है कि आयुक्त कार्यालय के बाजू गली आईडीबीआई बैंक के सामने सड़क का निर्माण एक ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। ठेकेदार ने नगर निगम से पाईप लाइनों की जानकारी प्राप्त किए बगैर ऎसी खोदाई शुरू करवा दी कि पेयजल की पाईप लाइन ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते नया मुंडा क्षेत्र के बड़े भाग में पेयजल की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। नगर निगम का जल कार्य विभाग पाईप लाइन की मरम्मत में जुटा हुआ है और आज रात्रि तक काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। वैसे भी ग्रीष्म ऋतु आने के साथ ही नगर के कई वार्डों में पानी की परेशानी हो रही है। वहीं नगर निगम के जल विभाग सभापति सुरेश गुप्ता पाईप लाइन की मरम्मत कार्य में अमले के साथ जुटे रहे।काफी जद्दोजहद के बाद वार्ड पार्षद और नगर निगम जल कार्य विभाग प्रभारी सुरेश गुप्ता की सक्रियता से कल देर शाम तक टूटी हुए पाइप लाइन की मरम्मत की जा सकी, मगर जब आज पुनः पेयजल आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई तो पाईप लाइन फिर फूट गई। इस भीषण गर्मी में ठेकेदार द्वारा तोड़ी गई पाइप लाइन और मरम्मत कार्य का जायजा लेने आज नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन और पार्षद एवं भाजपा नेता आलोक अवस्थी भी मौके पर पहुंचे। खेमसिंह देवांगन, सुरेश गुप्ता और आलोक अवस्थी मौके पर मौजूद रहकर मरम्मत कार्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।