जगदलपुर। दिल्ली प्रवास के दौरान बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बस्तर में सड़क नेटवर्क के विस्तार और राष्ट्रीय राजमार्गों के उन्नयन को लेकर विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास, व्यापारिक सुगमता और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह किया।
सांसद ने कहा कि सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन की नई संभावनाएं बनी हैं। इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए आधुनिक और बेहतर सड़क नेटवर्क की आवश्यकता है।
महेश कश्यप ने जगदलपुर-नगरनार-ओडिशा सीमा मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग की, ताकि एनएमडीसी स्टील प्लांट से जुड़े परिवहन को गति मिल सके। इसके अलावा जगदलपुर-दंतेवाड़ा-बीजापुर-भोपालपटनम-तेलंगाना सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्ग को भी फोरलेन विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के बीच संपर्क और व्यापार मजबूत हो सके।
उन्होंने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक पर्यटकों की सुगम और सुरक्षित आवाजाही के लिए जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग को भी चार लेन में विकसित करने की मांग की।
सांसद ने इसके साथ ही जगदलपुर को भारतमाला परियोजना के आर्थिक गलियारों से जोड़ने, शहर के लिए रिंग रोड और बायपास के निर्माण, बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों को उच्च गुणवत्ता वाले राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार, पुल, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की भी मांग उठाई। महेश कश्यप ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बस्तर में व्यापार, निवेश, रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।