० दोपहर 2:30 बजे आएगा परिणाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने घोषणा की है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के नतीजे 29 अप्रैल, बुधवार को दोपहर 2:30 बजे जारी किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि विद्यार्थियों की प्रतीक्षा अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल अंकों की सूची नहीं है, बल्कि यह छात्रों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे धैर्य बनाए रखें और परिणाम को सकारात्मक सोच के साथ स्वीकार करें। साथ ही उन्होंने कहा कि हर परिणाम एक नई शुरुआत का अवसर होता है और प्रत्येक छात्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। बोर्ड परीक्षा परिणाम की तारीख सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें 29 अप्रैल दोपहर 2:30 बजे पर टिकी हुई हैं, जब आधिकारिक रूप से नतीजे जारी किए जाएंगे।