रायपुर। मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार पर छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखे आवेदन को फेंकने की घटना को छत्तीसगढ़ का अपमान करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल में छत्तीसगढ महतारी का निरन्तर अपमान हो रहा है, यहां की बोली, भाखा, परंपरा, संस्कृति को दबाने कुचलने की साजिश की जा रही है। मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार ने छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखे आवेदन को फेंक कर तीन करोड़ छत्तीसगढ़ियों को अपमानित किया है। ये निंदनीय है सरकार को तत्काल मुंगेली कलेक्टर पर कार्यवाही करना चाहिए। भाजपा सरकार में दीगर राज्यों की तीज, त्योहार, परम्परा का प्रदेश में जोर-शोर से आयोजन होता है लेकिन जब छत्तीसगढ़ की अस्मिता की बात आती है तो भाजपा का रवैया ढुलमुल रहा है। प्रदेश में अन्य राज्यों के भाषा बोलने वाले है उनका पूरा सम्मान यहां होता है, लेकिन छत्तीसगढ़ी भाषा का अपमान सरकार के संरक्षण में उच्च अधिकारी कर रहे है, सरकारी विभागों में भी छत्तीसगढ़ी बोली बोलने वालों को कमतर आंका जाता है। ये बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद यहाँ की संस्कृति खतरे में है। आरएसएस की नीति भी स्थानीय संस्कृति को खत्म करने की है। भाजपा सरकार उसे आगे बढ़ा रही है। पहले सरकारी कार्यक्रमों में राजगीत गाया जाता था। मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के तीज, त्यौहार, परम्परा का आयोजन होता था। सरकारी स्तर पर इस आयोजन होते थे, जो ढाई साल से बंद है। आखिर भाजपा सरकार को छत्तीसगढ़ी परंपरा से दूरी क्यों बना रही है। कांग्रेस मांग करती है मुंगेली कलेक्टर पर कड़ी कार्यवाही की जाए, सभी सरकारी दफ्तरों में छत्तीसगढ़ी बोलने वालों का सम्मान हो।