जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई आशुतोष कश्यप घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे तीन हमलावर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और उस कमरे में पहुंचे जहां आयुष, उसका भाई और बहन सो रहे थे। आरोपियों ने आयुष पर दो राउंड फायर किए—एक गोली सीने और दूसरी कनपटी पर लगी। वहीं आशुतोष के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि यह वारदात लूट नहीं बल्कि व्यवसायिक रंजिश के चलते अंजाम दी गई है। मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं—लूट और रंजिश—को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।