आठ दशक बाद अवैध कब्जों से मुक्त हुईं अंजुमन इस्लामिया कमेटी की वक्फ संपत्तियां

0 वक्फ और समाज के हित में ऐतिहासिक कदम : डाॅ. सलीम राज 
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड में पंजीकृत वक्फ संस्था अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर के अधीन और नगर के हृदय स्थल पर स्थित वक्फ संपत्तियां लगभग आठ दशक बाद अवैध कब्जों से मुक्त करा ली गईं हैं। इन संपत्तियों पर हुए कब्जों को हटाने का प्रयास पूर्व कमेटी द्वारा नहीं किया गया और न ही राज्य वक्फ बोर्ड को वक्फ संपत्ति पर हुए अतिक्रमण की जानकारी दी गई थी। छग राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा डाॅ. एस. जहीरूद्दीन की अध्यक्षता में गठित एड्हाॅक कमेटी द्वारा जैसे ही संस्था का प्रभार प्राप्त किया गया, कमेटी द्वारा अंजुमन पर काबिज अवैध कब्जेधारियों को हटाने और वक्फ संपत्ति को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया गया।  डॉ. जहीरूद्दीन और कमेटी सदस्यों की कोशिशों के चलते 70-80 सालों से अतिक्रमण में रही अंजुमन जगदलपुर की वक्फ संपत्तियां अतिक्रमण मुक्त होकर अंजुमन जगदलपुर के कब्जे में आ गईं हैं। जिससे वक्फ संपत्ति का विकास कर संस्था की आय में बढ़ोतरी हुई है जिससे समाज-हित व जनकल्याण के लिए कार्य किया जा सकेगा। अंजुमन जगदलपुर के सुचारू संचालन हेतु दो दशक में पहली बार अंजुमन जगदलपुर का बैंक खाता एडहाॅक कमेटी द्वारा खुलवाया गया है। अंजुमन की वक्फ संपत्तियां जिनकी वास्तविक स्थिति ज्ञात नहीं थी उनके सीमांकन, भौतिक सत्यापन आदि का कार्य निरंतर जारी है, अंजुमन की वक्फ सम्पत्तियों को समय-सीमा में उम्मीद पोर्टल में दर्ज कराया गया। अंजुमन जगदलपुर की एडहाॅक कमेटी द्वारा प्रदेश में सर्वप्रथम वक्फ संस्था में कैशलेस पद्धति प्रारंभ की गई जिससे कार्यशैली पारदर्शी रहे, अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर की एड्हाॅक कमेटी द्वारा किये जा रहे कार्य सराहनीय एवं प्रशंसनीय हैं।

एड्हाॅक कमेटी अंजुमन जगदलपुर के का. मुतवल्ली एवं सदर डाॅ. एस. जहीरूद्दीन ने बताया कि, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विभागीय मंत्री, विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव तथा डाॅ. सलीम राज, अध्यक्ष, छग राज्य वक्फ बोर्ड के सहयोग से ही हम अंजुमन की वक्फ सम्पत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने में सफल हो सके हैं। डॉ. एस जहीरूद्दीन ने मुख्यमंत्री, विधायक, अध्यक्ष राज्य वक्फ बोर्ड व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। डॉ. जहीरूद्दीन ने बताया कि संगम दरगाह पहुंच मार्ग के निर्माण हेतु विधायक किरण सिंह देव, तथा छग वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डाॅ.सलीम राज द्वारा राशि 86 लाख रूपये की सहायता राज्य शासन से उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार में सांय-सांय विकास के कार्य हो रहे हैं हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि अंजुमन जगदलपुर को शासन, प्रशासन, राज्य वक्फ बोर्ड का सहयोग सदैव प्राप्त होता रहेगा जिससे अंजुमन जगदलपुर एक विकसित अंजुमन के रूप में आदर्श अंजुमन बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *