जगदलपुर। शहर के थाना कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ जगदलपुर और ओडिशा के नबरंगपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त की हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
ऐसे हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमागुड़ा चौक के पास एक व्यक्ति काले बैग में नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
जगदलपुर से सप्लायर तक पहुंची जांच
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम समीर बघेल (23 वर्ष), निवासी पनारापारा जगदलपुर बताया। उसके पास से 27 पत्ते (216 नग) ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नशीली दवाएं ओडिशा के नबरंगपुर से एक मेडिकल स्टोर संचालक से खरीदकर शहर में सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नबरंगपुर पहुंचकर सप्लायर सम्मुख ईश्वर उर्फ सोनू (18 वर्ष 5 माह) को गिरफ्तार किया।
उसके पास से भी ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी मेडिकल स्टोर से जुड़ा हुआ था और अवैध रूप से नशीली दवाओं की सप्लाई में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपी
समीर बघेल, निवासी पनारापारा जगदलपुर
सम्मुख ईश्वर उर्फ सोनू, निवासी नबरंगपुर (ओडिशा)
पुलिस की टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित कई पुलिस अधिकारी और जवानों की अहम भूमिका रही।