चौधरी का चयन बिहार की राजनीति में एक नए समीकरण और दूरगामी बदलाव का प्रतीक : देव

० भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सम्राट चौधरी को बधाई देकर उनके नेतृत्व में बिहार के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना व्यक्त की

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बिहार राजग विधायक दल का नेता चुने जाने पर निवर्तमान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देकर उनके नेतृत्व में बिहार के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना व्यक्त की है। श्री देव ने कहा कि बिहार भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में श्री चौधरी का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह बिहार की राजनीति में एक नए समीकरण और दूरगामी रणनीतिक बदलाव का प्रतीक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि श्री चौधरी अपनी बेबाकी और सदन से सड़क तक संघर्ष करने वाली छवि के लिए जाने जाते हैं, जो कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा। इसी प्रकार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने संगठन की बारीकियों को समझा है। अब विधायक दल के नेता के रूप में, वे सरकार और संगठन के बीच एक सेतु का कार्य करेंगे, जिससे आगामी चुनावों (विधानसभा और लोकसभा) में भाजपा की स्थिति और अधिक प्रभावी होगी। श्री देव ने कहा कि भाजपा अब बिहार में अपने दम पर बड़े भाई की भूमिका में आने और नेतृत्व की नई पंक्ति तैयार करने की दिशा में बढ़ चुकी है। श्री चौधरी का राजनीतिक कद अब केवल एक जाति या क्षेत्र तक सीमित न रहकर, पूरे प्रदेश के एक सर्वमान्य नेता के रूप में उभर रहा है। श्री देव ने कहा कि श्री चौधरी का यह नया दायित्व बिहार में भाजपा की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति के साथ-साथ ‘सशक्त नेतृत्व’ के संकल्प को भी दोहराता है। यह निर्णय आने वाले समय में बिहार की सत्ता और सियासत की दिशा तय करने में निर्णायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *