रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एडूकला गांव के ग्रामीण महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान उन्होंने पेड़ से दो शव लटके हुए देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची छाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को नीचे उतरवाया। मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएसपी शासिमोहन सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।