महासमुंद। जिले के भंवरपुर थाना पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत कुल ₹1,36,300 की संपत्ति जब्त की गई है।
बता दे कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर नीम पेड़ के नीचे कुछ लोग ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर मौके पर दबिश दी और सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान फड़ से ₹12,300 नगद, 8 मोबाइल फोन (करीब ₹30,000) और 6 पुरानी मोटरसाइकिल (करीब ₹94,000) जब्त की गई। सभी आरोपी सरायपाली थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में जीतराम चौहान, केशव साहू, होरीलाल राणा, विनय नायक, सीताराम राणा, बसंत कुमार निषाद, तुलसीराम राणा, उपेंद्र नायक और रूकमन पटेल शामिल हैं।
सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।