सरकार बस्तर के सभी ग्राम पंचायतों को 1 करोड़ रू. तत्काल दे – दीपक बैज

० डबल इंजन की सरकार बस्तर विकास के लिए विशेष पैकेज दे

० बस्तर के युवाओं के नौकरी के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाये सरकार

रायपुर। कांग्रेस ने मांग किया है कि सरकार बस्तर के सभी गांव के विकास के लिए 1 करोड़ प्रति गांव की राशि तत्काल प्रदान करे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार ने खुद घोषित किया था, बस्तर का जो गांव नक्सल मुक्त हो जाएगा उसको 1 करोड़ रू. प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्य के गृह मंत्री से लेकर पूरी सरकार यह बयान दे रही है कि बस्तर सहित पूरा प्रदेश नक्सल मुक्त हो गया है, तब सरकार अपनी घोषणा के अनुसार बस्तर संभाग के सभी गांवों के लिए तुरंत 1 करोड़ रू. की राशि जारी किया जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार तत्काल विशेष आर्थिक पैकेज की भी घोषणा करे, ताकि बस्तर को विकास की मुख्यधारा में लाया जा सके। बस्तर की खूबसूरती की रक्षा के साथ यहां के युवाओं के लिए रोजगार और वनोपज आधारित उद्योगों के लिए सरकार विशेष कार्य योजना बनायें। बस्तर के युवाओं के लिए नौकरी के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाये सरकार।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एनएमडीसी का मुख्यालय बस्तर में खोला जाना चाहिए। एनएमडीसी भारत की वह नवरत्न कंपनी है जो लौह अयस्क तो बस्तर से निकलती है और उसे दुनिया भर में भेजती है, परंतु अपना मुख्य कार्यालय बस्तर की बजाए तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बनाए बैठी है, पूर्व में बस्तर में यातायात के अभाव से यह निर्णय ठीक लगता था परंतु वर्तमान में बस्तर भी अब सर्वसुविधायुक्त बन चुका है, एनएमडीसी को अपना मुख्यालय अब बस्तर में बनाना चाहिए ताकि बस्तर के बेरोजगार युवाओं के लिए एनएमडीसी में रोजगार का द्वार खुल सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर के निवासी इस बात के लिए आशंकित है कि सरकार बस्तर की खनिज संपदा को बस्तर के पहाड़ों और जंगलों को निजी उद्योगपतियों को सौंप सकती है। डबल इंजन की सरकार इस बात की गारंटी ले कि बस्तर के आदिवासियों तथा बस्तरियों के भावनाओं के विपरीत बस्तर में अडानी एवं अन्य उद्योगपतियों की इन्ट्री नहीं होगी, न ही एनएमडीसी का नगरनार स्टील संयंत्र किसी निजी उद्योगपति को सौंपा जाएगा और न ही नंदराज और बैलाडीला की पहाड़ियों का बंदरबांट किया जोयगा?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बस्तर की रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए तत्काल कार्य योजना बनाये। केंद्र सरकार बड़े लंबे समय से दल्लीराजहरा, जगदलपुर रेल लाईन के काम को लगभग रोक रखा है। सन् 2017-18 में दल्लीराजहरा रेलमार्ग के निर्माण का उद्घाटन स्वयं देश के प्रधानमंत्री ने भानुप्रतापपुर से किया था और मंच से आश्वस्त किया था कि 2021 में यह बनकर तैयार हो जाएगा और इस रेलमार्ग में यात्री ट्रेनें सरपट दौड़ेगी, परंतु आज दिनांक तक यह रेल लाइन का कार्य खत्म नहीं हुआ है, जो कि बस्तर की जनता के साथ छलावा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *