0 नए खरीफ सीजन की शुरुआत पूजा अर्चना से
बकावंड। आदिवासी बाहुल्य बस्तर के आदिवासी अपनी परंपराओं और देव संस्कृति के प्रति आस्था और विश्वास को बनाए रखने के क्रम में अपने खेती किसानी से जुड़े प्रमुख त्यौहार माटी तिहार मनाने एकजुटता दिखाते रहे हैं। नए खरीफ सीजन के प्रारंभ होने से पूर्व बगैर विघ्न बाधा के सफलता पूर्वक फसल उत्पादन की मनोकामना के साथ आदिवासी माटी देव के प्रति अपनी आस्था समर्पित कर परंपरागत तरीके से पूजा पाठ संपन्न करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के ग्रामीण एकजुट हुए। उत्सव के क्रम में सबसे पहले बोदली पाटा धान को पुटका (पोटली) बनाकर अपने ग्राम के देवगुड़ी में ले जाकर अपने माटी देव की पूजा अर्चना की गई। धान बोवाई के पूर्व होने वाले इस त्यौहार को ग्रामीण गांव के माटी जात्रा तिहार के रूप में भी कहते हैं। कार्यक्रम को संपन्न कराने में गांव के सरपंच संतोष कश्यप, वार्ड पंच, माटी पुजारी, माता के सिरहा पटेल, कोटवार के साथ गांव के युवाओं और गांव के वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका सराहनीय रही।