0 संयुक्त संचालक एचआर सोम ने जारी किए शो कॉज नोटिस
जगदलपुर। संयुक्त संचालक शिक्षा बस्तर एचआर सोम के आकस्मिक निरीक्षण में जिला जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जगदलपुर के कुल 54 अधिकारी कर्मचारी गायब मिले।. श्री सोम ने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी समेत सभी नदारद मिले अधिकारी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
दोनों कार्यालयों में पदस्थ अधिकारियों कर्मचारियों के क्रियाकलापों एवं शासकीय कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षक संगठनों द्वारा समय समय पर कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बस्तर को शिकायत प्राप्त होती रही है। इसी प्रकार शासन के अति महत्वपूर्ण योजनाओं के कियान्वयन एवं अन्य शासकीय कार्य की जानकारी हेतु बार बार पत्र व्यवहार करने के बाद भी संबंधित कार्यालयों द्वारा समय सीमा में जानकारी न देकर लापरवाही पूर्वक अनावश्यक विलंब से जानकारी दी जाने के कारण शासकीय कार्य का संपादन एवं शासन स्तर पर जानकारियों का प्रेषण करने में अनावश्यक विलंब हो रहा था। इन परिस्थितियों के मद्देनजर शिक्षा संभाग बस्तर के संयुक्त संचालक एचआर सोम एवं उप संचालक सीएस ध्रुव द्वारा 17 मार्च को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जगदलपुर का प्रातः 10.12 से 10.16 बजे के मध्य आकस्मिक दबिश दी जाने पर बीईओ अनिल दास समेत 25 अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए । इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रातः 10.25 से 10.30 बजे के मध्य आक्समिक दबिश के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल एवं अन्य समस्त 29 अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। दोनों कार्यालयों में कार्यरत अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 18 मार्च को जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाने पर छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।