
0 दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह आयोजित,
0 प्रतिभागियों व सहयोगियों का हुआ सम्मान
जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शनिवार को दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह का आयोजन शहर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में किया गया। कार्यक्रम में उन लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने दलपत सागर दीपोत्सव के आयोजन में सहयोग प्रदान किया था। साथ ही दीपोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए तथा सफल प्रतिभागियों को कार्यक्रम के माध्यम से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि दलपत दीपोत्सव सम्मान समारोह में उन प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया है जो विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल हुए हैं। इसके साथ ही उन लोगों को भी प्रशस्ति पत्र के माध्यम से सम्मानित किया गया जिन्होंने दलपत दीपोत्सव कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दी। उन्होंने कहा कि दलपत दीपोत्सव का आयोजन आगे भी जारी रहना चाहिए और हर वर्ष इसी प्रकार का भव्य आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने जगदलपुर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही दलपत सागर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे लगातार सफाई अभियान की सराहना की।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि आज उन लोगों को सम्मानित किया जा रहा है जिनके सहयोग से दलपत सागर दीपोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में नगर निगम की टीम ने अथक प्रयास किए, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पहला लक्ष्य जगदलपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना है और यह लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है जब सभी की सहभागिता हो।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल को जनता ने सराहा है। उन्होंने बताया कि शहर के एसएलआरएम सेंटर में पहले की तुलना में तीन गुना अधिक कचरा पहुंच रहा है, जिसका अर्थ है कि शहरवासी अपने घरों का कचरा स्वच्छता दीदियों के माध्यम से कचरा गाड़ियों में दे रहे हैं, जो एसएलआरएम सेंटर तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जगदलपुर शहर को नंबर वन बनाना हमारा लक्ष्य है और इसमें हम अवश्य सफल होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान पूर्व की तरह लगातार जारी रहेगा और सभी मिलकर परिवार की तरह इस कार्य को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि 5 वर्ष दलपत दीपोत्सव के माध्यम से दीप जलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया है, अगले वर्ष स्वच्छता में अच्छा प्रदर्शन कर दीप जलाना है। उन्होंने जनता से इस संबंध में सुझाव भी मांगे हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि दलपत सागर दीपोत्सव का मुख्य विषय एक दीप स्वच्छता के नाम, एक दीप वंदे मातरम के नाम था। इसी परिकल्पना को लेकर दलपत सागर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया और आगे भी इसी प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि जगदलपुरवासियों के सहयोग से ही दलपत सागर दीपोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने दृढ़ निश्चय के साथ दलपत सागर को स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया है, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है। उन्होंने शहर के अन्य तालाबों और सरोवरों के संरक्षण के लिए भी इसी प्रकार के प्रयास करने का आग्रह किया तथा दलपत सागर सफाई अभियान को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
पूर्व महापौर सफीरा साहू ने कहा कि दलपत दीपोत्सव का आयोजन जनसहयोग से संपन्न हुआ है इसके लिए शहरवासियों को बधाई। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा आयोजन शहर के गणमान्य नागरिकों के सहयोग के बिना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव का मुख्य विषय स्वच्छता था और दलपत सागर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए निरंतर सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए। बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन शहर में सामाजिक सहभागिता और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं और ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दलपत सागर दीपोत्सव का आयोजन प्रारंभ होने के बाद से लगातार सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है और आगामी वर्षों में इसे और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दलपत सागर में चलाया गया सफाई अभियान सभी के सहयोग से सफल हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वार्ड में आने वाली कचरा गाड़ियों में ही कचरा दें तथा घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, कलावती कसेर, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर रामनरेश पांडे, बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष प्रदीप पाठक सहित दलपत दीपोत्सव से जुड़े लोग, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताकर्मी, समाजसेवी, विभिन्न समाज, संगठन एवं संघों के प्रतिनिधि, युवोदय टीम और वॉलिंटियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने किया जबकि मंच संचालन एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह राणा व विधुशेखर झा ने किया।