‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम में उद्योगपतियों-व्यापारियों से रूबरू हुई पुलिस

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर जोन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन भनपुरी स्थित छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज़ (CFI) के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएफआई और आलू-प्याज आढ़तिया संघ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों में मयंक गुर्जर (डीसीपी, नार्थ जोन), पूर्णिमा लांबा (एसीपी उरला), अमित कोसमा (प्रोविजनल डीएसपी), राजेश सिंह (टीआई खमतराई) और रोहित मालेकर (टीआई उरला) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सीएफआई के अध्यक्ष शंकर बजाज ने अधिकारियों, उद्योगपतियों और व्यापारियों का स्वागत कर की।

डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि संजीव शुक्ला के नेतृत्व में नया पुलिस कमिश्नरेट किस तरह काम कर रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों को दैनिक जीवन में अनुशासन और सुरक्षा के उपाय अपनाने की सलाह दी तथा औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के महत्व पर जोर दिया।

एसीपी पूर्णिमा लांबा ने नई कमिश्नरेट व्यवस्था और उसकी आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। वहीं टीआई राजेश सिंह ने कहा कि भनपुरी और खमतराई क्षेत्र औद्योगिक इलाका है, इसलिए पुलिस लगातार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान खुले मंच पर उद्योगपतियों और व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उद्योग और व्यापार से जुड़े लोगों की हर संभव मदद की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, फेडरेशन के सदस्यों और व्यापारी वर्ग सहित करीब 200 लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *