बालोद। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज विधानसभा में प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डौंडी लोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेडिया ने इसे “विकास विरोधी” और “दिशाहीन” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की प्रगति को गति देने के बजाय उसे बाधित करने वाला है। विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी थी, यह बजट उस पर पूर्णविराम लगाता प्रतीत होता है। उनके अनुसार बजट में भविष्य की स्पष्ट कार्ययोजना और दीर्घकालिक विजन का अभाव दिखाई देता है।
श्रीमती भेडिया ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए इस बजट में कोई ठोस और प्रभावी निर्णय नहीं लिया गया है। सिंचाई परियोजनाओं और कृषि इनपुट सहायता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर पर्याप्त प्रावधान न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावों के बीच उन्हें सशक्त बनाने वाली योजनाओं का अभाव साफ झलकता है।
आदिवासी बहुल राज्य होने के बावजूद आदिवासी समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के समर्थन से सरकार बनाने वालों द्वारा ही उनके हितों की उपेक्षा किया जाना चिंताजनक है। बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है। रोजगार सृजन या बेरोजगारों को संबल देने के लिए किसी बड़ी योजना की घोषणा नहीं की गई है, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की जनता प्रभावित होगी। उन्होंने विशेष रूप से डौंडी लोहारा क्षेत्र के विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। अंत में विधायक ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों की बाजीगरी है। इसमें न युवाओं के लिए स्पष्ट विजन है, न किसानों के लिए ठोस राहत और न ही छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास की स्पष्ट नीयत। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस “जनविरोधी” बजट के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक जनता की आवाज बुलंद करेगी।