० अमित शाह का रोड शो आज, तैयारियों को लेकर हुई बैठक में भी शामिल हुए संजय पांडे
जगदलपुर। महापौर संजय पांडे पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव प्रचार में तन मन से जुटे हुए हैं। 24 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के जगतदल विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में हुई बड़ी बैठक में भी संजय पांडे शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेश कुमार राणा, बैरकपुर जिला अध्यक्ष शतापस घोष एवं जिला उपाध्यक्ष प्रियांगु पांडेय के साथ मिलकर जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने अमित शाह के रोड शो को सफल बनाने हेतु विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं प्रभावी बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, जनसंपर्क और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। मेयर संजय पांडे विश्वास जताया है कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन की शक्ति से यह रोड शो जनसमर्थन का नया कीर्तिमान स्थापित करेगा और पश्चिम बंगाल में इस बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।