रायपुर। राजधानी के न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपी जगदीश आसरवानी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के सांई मंदिर के पास टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान सट्टा संचालित किया जा रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने सूचना की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए।
सैद्धांतिक कार्यवाही के तहत एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर की संयुक्त टीम ने रेड कार्रवाई की। आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी जगदीश आसरवानी (36 वर्ष, निवासी तेलीबांधा, रायपुर) के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 3,350 रुपये नगद, 1 एटीएम कार्ड और लगभग 25,000 रुपये मूल्य की सट्टा-पट्टी का हिसाब-किताब जप्त किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 68/26 के तहत छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है।
वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम द्वारा ऑनलाइन सट्टा के कुल 4 प्रकरणों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से लगभग 1.92 करोड़ रुपये जप्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
जगदीश आसरवानी, पिता स्व. सुरेश कुमार आसरवानी, गली नंबर 07, शिव मंदिर के सामने, तेलीबांधा, रायपुर।