शिवराज सिंह चौहान बोले: ‘वीबी-जी राम जी’ से मनरेगा की कमियां दूर, 125 दिन की रोजगार गारंटी और गरीबी-मुक्त गांव बनेंगे

रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी ‘वीबी-जी राम जी’ अधिनियम के माध्यम से मनरेगा की पुरानी कमियों को दूर किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य 100 दिनों के बजाय 125 दिनों की रोजगार गारंटी प्रदान करने के साथ-साथ गरीबी-मुक्त और स्वावलंबी गांवों का निर्माण करना है। यह अधिनियम देशभर में लागू किया जा रहा है।

शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे थे। वे डोंगरगढ़ (राजनांदगांव) में आयोजित अखिल भारतीय विश्वगुरु जैनाचार्य विद्यासागर समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल होने गए। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

घटिया कीटनाशकों पर सख्त कार्रवाई मिलावटी और घटिया कीटनाशकों (पेस्टीसाइड) के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विभाग तेजी से कार्रवाई कर रहा है। लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सरकार नया पेस्टीसाइड एक्ट और सीड एक्ट लाने की तैयारी में है। जनता से सुझाव भी मांगे जा रहे हैं ताकि किसानों को बेहतर सुरक्षा मिल सके।

भारत-यूरोपीय संघ समझौता और वैश्विक योगदान भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ भारत वैश्विक विकास में सक्रिय योगदान दे रहा है।

कृषि विकास दर अभूतपूर्व उन्होंने बताया कि भारत की कृषि विकास दर इस समय अभूतपूर्व स्तर पर है और हरित क्रांति के दौर से भी तेज गति से आगे बढ़ रही है। चावल उत्पादन में भारत अब विश्व में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। शिवराज सिंह चौहान ने महोत्सव में भाग लेने के बाद शाम को रायपुर लौटकर दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *