रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इसके साथ ही अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कर्मचारी संघ के इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें केंद्र से आए पदाधिकारियों से भी चर्चा का अवसर मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में केंद्र सरकार के बराबर डीए देने का निर्णय लिया है। साथ ही अन्य लंबित मांगों पर विचार के लिए समिति बनाकर शीघ्र समाधान निकालने का भरोसा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई राज्य अभी भी केंद्र के महंगाई भत्ते से पीछे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े निर्णय समय-समय पर लेती रहेगी।
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद अधिवेशन स्थल पर मौजूद हजारों कर्मचारियों और कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और आने वाले समय में अन्य मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।