रायपुर। राजधानी के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक आत्महत्या का मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर स्थित डॉल्फिन कॉलोनी में एक युवक ने बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी असलम अंसारी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी आत्महत्या की घटना है। इससे पहले अमलीडीह के मारुति रेजिडेंसी में 18 वर्षीय हनीफा उर्फ अनिमा पटेल ने आत्महत्या कर ली थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में चिंता का माहौल बना दिया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच अलग-अलग की जा रही है। यदि किसी तरह की आपराधिक साजिश या अन्य वजह सामने आती है, तो उसके अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रवासियों ने भी इस तरह की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है और पुलिस से सतर्कता बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।