नशे के सौदागरों पर बस्तर पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई…5 लाख की नशीली टेबलेट्स के साथ महिला गिरफ्तार 

जगदलपुर। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशे के सौदागरों तथा अपराधी तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में प्रतिबंधित अवैध नशीली टैबलेट बेचने के आरोप में बोधघाट थाना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला से 5 लाख रुपए से भी ज्यादा कीमत की प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम बरामद की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महिला जुगबाई बैल बाजार में अपने सब्जी के ठेले में अवैध नशीली टेबलेट बिक्री कर रही है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार डी धोत्रे के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर जुगबाई उर्फ रीता चौधरी पति चंदन चौधरी, बैलाबाजार, जगदलपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से कुल 28 पत्तों में पैक 420 नग अल्प्राजोलम नशीली टेबलेट बरामद की गई। इसका खुदरा मूल्य लगभग 5 लाख 37 हजार 600 रूपए है।महिला को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय एनडीपीएस में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग,सहायक उप निरीक्षक सुजाता नायडू, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, पवन श्रीवास्तव, आरक्षक युवराज ठाकुर, थानेंद्र सिन्हा, अजीत सरकार एवं महिला आरक्षक तिलोत्तमा कश्यप, लता पोडियामी का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *