एमसीबी। जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लकड़ापारा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इंस्टाग्राम पर आए मैसेज को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नी रवीना की हत्या कर दी और शव को आत्महत्या का रूप देने की असफल कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लकड़ापारा निवासी देवनारायण को शक था कि उसकी पत्नी रवीना इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति से लगातार बातचीत कर रही है। उसने कई बार पत्नी को सोशल मीडिया इस्तेमाल न करने की हिदायत दी, लेकिन रवीना नहीं मानी। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
विवाद के दौरान गुस्से में आए देवनारायण ने रवीना को जोरदार धक्का दे दिया। धक्के से रवीना का सिर पास रखी चारपाई से टकराया और उसे गंभीर चोट लगी। सिर में गहरी चोट लगने से रवीना बेहोश होकर गिर पड़ी और नाक से खून बहने लगा। आरोपी को लगा कि पत्नी की मौत हो गई है। उसने गमछे से फंदा बनाकर शव को पंखे से लटका दिया और मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने रवीना को फंदे पर लटका देखा और इसे आत्महत्या मान लिया। मामले की सूचना मिलते ही खड़गवां पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रवीना की सिर की अंदरूनी हड्डी टूट गई थी और मौत फांसी से नहीं, बल्कि सिर पर चोट लगने से हुई थी।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी देवनारायण टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।