रायपुर। शराब घोटाले से जुड़े मामले में 168 दिनों तक जेल में बंद रहे चैतन्य बघेल को आखिरकार हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। जमानत के बाद जैसे ही उनकी रिहाई हुई, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही, जहां ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के साथ चैतन्य बघेल का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी जेल परिसर में मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 18 जुलाई को चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन भिलाई स्थित निवास से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। संयोग से जिस दिन उन्हें जमानत के बाद रिहाई मिली, उसी दिन उनके बेटे विवांश का जन्मदिन भी था, जिससे समर्थकों की खुशी और बढ़ गई।
रिहाई से पहले ही रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो गए थे। जैसे ही चैतन्य बघेल के जेल से बाहर आने की सूचना मिली, समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को खिलाकर खुशी का इजहार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दिन को न्याय और सच्चाई की जीत बताया। पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल उत्सव जैसा बना रहा और समर्थकों ने चैतन्य बघेल के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।