नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, सुकमा-बीजापुर में अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 नक्सली ढेर

सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों ने शनिवार को जोरदार कार्रवाई करते हुए बड़ा झटका दिया है। सुकमा और बीजापुर जिलों में चले अलग-अलग ऑपरेशनों में कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया गया। दोनों घटनाओं में मुख्य रूप से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान डीआरजी और नक्सलियों के बीच तीखी मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में 12 नक्सली मारे गए। सुरक्षाबलों ने सभी 12 शव बरामद कर लिए हैं। मौके से एके-47, इंसास राइफल सहित कई अन्य हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया है। सूत्रों का दावा है कि मारे गए नक्सलियों में डिप्टी डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) स्तर का कैडर मंगडु भी शामिल है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

इसी क्रम में बीजापुर जिले के दक्षिणी हिस्से में शनिवार सुबह से रुक-रुक कर गोलीबारी चल रही थी। यहां डीआरजी जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। दोनों के शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि कोई नक्सली बचकर न भाग सके।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने दोनों मुठभेड़ों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर ये ऑपरेशन शुरू किए गए थे। इलाके में नक्सलियों की गतिविधियां बढ़ने की खबर मिली थी, जिसके बाद जवानों ने सटीक कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *