० सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की बड़ी कामयाबी
० जंगल में बरामद किए गए 6 नक्सल डंप
जगदलपुर। सीआरपीएफ की 199वीं और 85वीं वाहिनी तथा 202 कोबरा बटालियन की जॉइंट टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बस्तर संभाग के बीजापुर जिले बड़ी सफलता हासिल की है। सूचना के आधार पर सीआरपीएफ बीजापुर रेंज के डीआईजी बीएस नेगी के निर्देशन तथा 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार, कमांडेंट 85वीं वाहिनी सुनील कुमार राही और कमांडेंट 202 कोबरा बटालियन आलोक अवस्थी के मार्गदर्शन व विनोद कुमार द्वितीय कमान अधिकारी की अगुवाई में बी-199 कंपनी राजीव कुमार, सहायक कमांडेंट, ए-85 कंपनी टी. उमाकांत मितेई उप कमांडेंट के नेतृत्व में तथा बी/202 कोबरा कमलेश इंदौरा, उप कमांडेंट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पीडिया तथा मुतवंडी क्षेत्र के हिरमगुंडा गांव के जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 6 डंप बरामद हुए। जवानों ने पूरी सतर्कता से इलाके की घेराबंदी की तथा चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई। बरामद डंप में आईईडी व विस्फोटक बनाने की वस्तुएं कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर, गन पाउडर एवं रेडियो सेट, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री, नक्सलियों के कपड़े आदि शामिल हैं। कुल 30 तरह की वस्तुएं बरामद की गई हैं। हिरमागुंडा पीडिया एवं आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिए बहुत संवेदनशील रहा है। सीआरपीएफ की 199 वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के परिणाम स्वरूप क्षेत्र में नक्सल प्रभाव समाप्त हो चुका है और स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है। इस सफल कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सीआरपीएफ की 199 वाहिनी आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 199 वाहिनी द्वारा भविष्य में भी सूचना आधारित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, बल भविष्य में भी क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।