रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी के जेवरात को बिना वैध दस्तावेज गिरवी रखने के गंभीर मामले में पुलिस ने बजाज फाइनेंस की महिला फाइनेंस कर्मी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के परसुराम नगर, पुरैना में हुई चोरी की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला कर्मचारी ने कंपनी के नियमों और वैधानिक प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए चोरी के सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखे, जो कि गंभीर आपराधिक लापरवाही की श्रेणी में आता है। चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने मामले की तह तक जांच की, तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
इससे पहले पुलिस एक नाबालिग चोर और दूसरे आरोपी आशीष नेताम को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान आशीष नेताम ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे गए हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने कंपनी में जांच की, तो सामने आया कि महिला कर्मचारी ने बिना किसी वैध दस्तावेज और पहचान सत्यापन के जेवर स्वीकार कर लिए थे।
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान सनोहर जहां (27 वर्ष), निवासी पंडरी, झंडा चौक, रायपुर के रूप में की है। उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। महिला के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना दस्तावेज जेवर गिरवी रखना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अपराध को बढ़ावा देने जैसा कृत्य भी है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद बजाज फाइनेंस कंपनी ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इस चोरी प्रकरण में पहले ही अपचारी बालक और आशीष नेताम से चोरी का सामान बरामद किया जा चुका है। अब कंपनी के भीतर से अपराध से जुड़ी कड़ी सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आगे और भी खुलासों की संभावना जताई जा रही है।