छत्तीसगढ़ बंद: कांकेर में शव दफन विवाद और कथित धर्मांतरण के विरोध में आज प्रदेशव्यापी बंद

रायपुर/कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र स्थित बड़े तेवड़ा गांव में हाल ही में हुए शव दफन विवाद और कथित धर्मांतरण के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (सीसीसीआई) ने पूर्ण समर्थन दिया है। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने भी बंद में सहयोग की घोषणा की है।

बंद का व्यापक असर होने की संभावना

बंद के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापारिक गतिविधियां ठप रहने की उम्मीद है। दुकानें, सब्जी मंडियां, ट्रांसपोर्ट सेवाएं और अन्य बाजार बंद रहेंगे। राजधानी रायपुर में जयस्तंभ चौक समेत प्रमुख सड़कों पर व्यापारियों ने दुकानें बंद कराने का अभियान शुरू किया है। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी व्यापारियों के साथ मौजूद रहे। अन्य शहरों में भी बंद का असर दिखने की संभावना है।

कांकेर में रैली और ज्ञापन

कांकेर जिले में बंद के दिन सुबह 11 बजे वंदे मातरम स्थल से कलेक्टर कार्यालय (कांकेर डोम) तक बड़ी रैली निकाली जाएगी। सर्व समाज के लोग इसमें शामिल होंगे और अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इन मांगों में मुख्य रूप से धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून, घटना के दोषियों पर कार्रवाई और जनजातीय आस्था की रक्षा शामिल है। सर्व समाज ने बंद को पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आयोजित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *