रायपुर। पांच साल से पुलिस को चकमा दे रहा कुख्यात ठग और फर्जी चार्टर्ड अकाउंटेंट राकेश भभूतमल जैन आखिरकार कानून के हत्थे चढ़ गया। आरोपी लोगों के आधार-पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी हस्ताक्षर से बैंकों से लोन लेता था और शेयर मार्केट में “10% गारंटीड मुनाफा” का लालच देकर डॉक्टरों, अधिकारियों व कारोबारियों से करोड़ों ठगता रहा। कुल ठगी की रकम 50 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है।
राकेश के खिलाफ रायपुर के कोतवाली, मौदहापारा, टिकरापारा सहित दुर्ग-राजनांदगांव में कुल 12 से ज्यादा FIR दर्ज हैं। ACB-EOW में भी उसके खिलाफ केस चल रहा था। लुकआउट सर्कुलर और गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद वह फरार चल रहा था।
बुधवार को आरोपी अपना गिरफ्तारी वारंट रद्द कराने रायपुर कोर्ट पहुंचा था। पहले से मिली गुप्त सूचना पर ACB-EOW की टीम ने कोर्ट परिसर से ही उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ शुरू कर दी गई है।
आज शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस कई दिन की रिमांड मांगेगी जाएगी ताकि ठगे गए पूरे पैसे, बैंक खातों, साथियों और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।