कवर्धा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में बुधवार को भूमि विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब एक पक्ष ने स्कूल के लिए आरक्षित जमीन पर कबीर कुटी का निर्माण शुरू होने का आरोप लगाते हुए कवर्धा-राजनांदगांव नेशनल हाईवे 130A को जाम कर दिया। घंटों सड़क जाम रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

स्थानीय निवासी सोहननाथ शिव उपासक समूह का कहना है कि उक्त भूमि वर्षों से गांव के प्राथमिक शाला के लिए चिन्हित है। प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूरन लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा। उनका कहना है कि जब तक कबीर कुटी का निर्माण पूरी तरह रुकवा कर जमीन स्कूल के लिए सुरक्षित नहीं की जाती, प्रदर्शन जारी रहेगा।
दूसरी ओर झारिया समाज के जीवन झारिया ने दावा किया कि वर्ष 2003 से उसी स्थान पर उनका समाज भवन मौजूद है। हाल ही में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सामने प्रस्ताव रखने के बाद समाज ने कबीर कुटी का निर्माण कार्य शुरू किया था। उन्होंने विरोधी पक्ष पर निर्माण तोड़ने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया।
तनाव बढ़ने पर तहसीलदार विवेक गोहिया, नायब तहसीलदार व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों को समझाइश देकर तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि विवादित भूमि की पूरी जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी हटे और यातायात बहाल हुआ। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।