जगदलपुर। धर्म नगरी जगदलपुर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की जिला स्तरीय विशेष बैठक स्थानीय सीताराम शिवालय में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रांत से मिले निर्देशों के तहत वर्ष भर किए जाने वाले देशहित कार्यों पर चर्चा की गई और पदाधिकारियों को समाज सेवा एवं लोकोपकारी गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विभाग मंत्री रवि ब्रह्मचारी ने संगठन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि धार्मिक जागरण के साथ-साथ समाज में व्याप्त नशे के प्रति युवाओं को जागरूक करना प्राथमिकता है। इसके तहत प्रखंड स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा और सरकारी तथा अर्ध-सरकारी संसाधनों का उपयोग किया जा सकेगा। उन्होंने स्वदेशी जागरण और “विकसित भारत” की दिशा में कार्य करने का महत्व भी बताया।
बजरंग दल के विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 6 दिसंबर को शौर्य दिवस का आयोजन किया जाता है, जो 31 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सभा, संगोष्ठी और पथ संचालन आयोजित किया जाएगा। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता शंकर लाल गुप्ता ने की और संचालन जिला मंत्री नवीन देवांगन ने किया। अन्य प्रमुख उपस्थित सदस्य रहे: श्रीनिवास रेड्डी, योगेंद्र कौशिक, अनिल अग्रवाल, प्रेम चलकी, ज़बीता मंडावी, अल्का गुप्ता, आस्था गुप्ता, प्रज्ञा आचार्य सहित कई अन्य पदाधिकारी।