बस्तर में संगठन मज़बूत: अंकित शर्मा संभाग अध्यक्ष, प्रकाश राव महासचिव नियुक्त

बस्तर। छत्तीसगढ़ के सभी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनकी मांगों को सरकार तक पहुँचाने तथा उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गठित छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद शिक्षक एवं कर्मचारी संघ निरंतर सक्रिय और प्रतिबद्ध है। संघ का मूल लक्ष्य शिक्षा विभाग में संविलियन एवं नियमितीकरण को सुदृढ़ रूप से आगे बढ़ाना है, ताकि वर्षों से उत्कृष्ट सेवाएँ दे रहे शिक्षक-कर्मचारी स्थायी और सम्मानजनक व्यवस्था प्राप्त कर सकें।

इसी दिशा में संगठन विस्तार और नेतृत्व सुदृढ़ीकरण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संघ ने बस्तर संभाग में नई जिम्मेदारियाँ घोषित की हैं। संघ ने अंकित शर्मा जी को बस्तर संभाग अध्यक्ष तथा प्रकाश राव सर को बस्तर संभाग महासचिव नियुक्त किया है। दोनों सदस्य पहले जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और अपने उत्कृष्ट कार्य, संगठन के प्रति समर्पण तथा शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की क्षमता के कारण उन्हें संभागीय पद पर प्रमोट किया गया है। यह निर्णय संगठन में पारदर्शिता, योग्यता और कार्य-आधारित पदोन्नति की परंपरा को दर्शाता है।

संघ लगातार प्रदेशभर के स्वामी आत्मानंद शिक्षक-कर्मचारियों को जोड़ने, उनकी समस्याओं को समझने और सामूहिक संघर्ष की मजबूत दीवार तैयार करने का प्रयास कर रहा है। बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी संगठन से जुड़कर अपनी आवाज़ को एक मंच और शक्ति दे रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने कहा कि संविलियन और नियमितीकरण संघ का सर्वोच्च लक्ष्य है और संगठन इसके लिए हर स्तर पर निर्णायक प्रयास कर रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती हिमांगिनी पांडे ने कहा कि स्वामी आत्मानंद परिवार की प्रत्येक आवाज़ हमारे लिए महत्वपूर्ण है। संगठन सभी को साथ लेकर सशक्त भविष्य का निर्माण करेगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी (बस्तर) राहुल कुमार पांडे ने बस्तर में नई जिम्मेदारियों पर नियुक्त साथियों को बधाई देते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में संभाग और अधिक मजबूत होगा तथा शिक्षामित्रों के हितों की लड़ाई और प्रभावशाली तरीके से लड़ी जाएगी।

संघ समस्त स्वामी आत्मानंद शिक्षक एवं कर्मचारियों से अपील करता है कि वे संगठन से जुड़ें और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आगे आएं, क्योंकि संगठन की शक्ति ही परिवर्तन की नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *