भाजपा सरकार में साहस हो तो प्रधानमंत्री आवास पर श्वेत पत्र जारी करे – दीपक बैज

 

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से चर्चा करते हुये कहा कि अपने अध्यक्ष किरण देव के माध्यम से भाजपा सरकार ने कल फिर झूठ बोला। किरण देव दावा कर रहे की प्रदेश में अभी तक 2016 से कुल 24 लाख आवास स्वीकृत हुए है, उनमें से 16 लाख 72000 आवास उनकी सरकार ने पूरे कर लिए है। जबकि हकीकत यह है कि पिछले दो साल में साय सरकार ने एक भी नए मकान स्वीकृत नहीं किया। कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुए मकानों की दूसरी किस्त दिया, जो पूरे हुए उनका उद्घाटन करवाया। भाजपा अध्यक्ष 2016 से आंकड़ा तो प्रस्तुत कर रहे, लेकिन 2023 तक कितने मकान स्वीकृत हुए उनकी संख्या नहीं बता रहे। भाजपा सरकार में साहस है तो अभी तक बनाए गए प्रधानमंत्री आवास की वर्षवार संख्या का श्वेत पत्र जारी कर दे।

धान खरीदी में सरकार फेल साबित हो रही किसान परेशान हो रहे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में चल रही धान खरीदी में सरकार की लापरवाही के कारण किसान परेशान हो रहे है। टोकन नहीं कट पा रहा, तौलाई में दिक्कत हो रही, पंजीयन की समस्या यथावत बनी हुई है, आज भी 5 लाख किसान पंजीयन के लिए सोसायटी दफ्तर से ले कर तहसीलदार तक के चक्कर काट रहे। सरकार किसानों का धान तो खरीदना नहीं चाह रही भी सीमावर्ती प्रदेशों से सत्तारूढ़ दल के नेताओं के संरक्षण में बेतहाशा धान आ रहा और सोसायटियों में बिक भी रहा है।

कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की कल बैठक

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन के माध्यम से बनाए गए कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की पहली बैठक कल 6 दिसंबर को राजीव भवन में आयोजित है। बैठक में आगामी महीनो की कार्य योजना बनाई जाएगी, एसआईआर की प्रगति निगरानी पर बात होगी, साथ ही 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही बिजली के दाम की बढ़ोतरी के खिलाफ, गाइडलाइन की दरों के खिलाफ तथा धान खरीदी की अव्यवस्था के खिलाफ भी आंदोलनों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *