सूरजपुर। जिले के नारायणपुर स्थित हंस वाहिनी विद्या मंदिर स्कूल में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि LKG के 4 वर्षीय बच्चे को केवल इसलिए खौफनाक सजा दी गई क्योंकि वह अपना होमवर्क पूरा करके स्कूल नहीं आया था।
जानकारी के अनुसार, दो महिला शिक्षिकाओं ने गुस्से में बच्चे के कपड़े उतरवाए और उसकी शर्ट के सहारे उसे पेड़ से लटका दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना पास की एक छत पर मौजूद युवक ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग तुरंत हरकत में आया। जांच के लिए भेजे गए अधिकारी ने मौके का निरीक्षण करने के बाद माना कि शिक्षिकाओं का कृत्य पूरी तरह से अनुचित, निंदनीय और बाल सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मामले में अब जिला स्तरीय अधिकारी आगे की कार्रवाई तय करेंगे।
उधर स्कूल प्रबंधन कैमरे पर कुछ भी कहने से बचता रहा। घटना ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि इस अमानवीय सजा के दौरान बच्चे के साथ कोई हादसा हो जाता, तो जिम्मेदार कौन होता?
फिलहाल बच्चा सुरक्षित है, लेकिन इस घटना ने निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासनात्मक तरीकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।