रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मंच पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यपाल रामेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मेरा इस भूमि से आत्मीय संबंध रहा है। कार्यकर्ता के रूप में मैंने यहां बहुत समय बिताया है। छत्तीसगढ़ ने मेरे जीवन को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई है।”
प्रधानमंत्री ने राज्य के गठन के लिए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज जब अटल जी की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ है, तो यह क्षण उनके सपने को साकार करने जैसा है। “अटल जी, देखिए — आपका बनाया छत्तीसगढ़ आज आत्मविश्वास से भरा है, विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”
उन्होंने कहा कि यह नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि 25 वर्षों की जन-आकांक्षा और जन-गौरव का प्रतीक है। पीएम ने कहा कि नई विधानसभा की भव्यता में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और लोककला की झलक है। “इस भवन की दीवारों में गुरु घासीदास जी के समानता के संदेश, माता सबरी की अतिथि भावना, संत कबीर की सच्चाई और महाप्रभु वल्लभाचार्य की नर सेवा की भावना समाहित है।”
पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान कभी नक्सलवाद और पिछड़ेपन से थी, लेकिन आज वही राज्य समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘बस्तर ओलंपिक’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास और विश्वास दोनों लौट आए हैं।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ को “भगवान श्रीराम का ननिहाल” बताते हुए कहा कि “राम से राष्ट्र” का अर्थ है — सुशासन, सामाजिक न्याय और समृद्धि का राज। उन्होंने कहा, “भारत आज आतंकवाद और माओवादी हिंसा को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुका है।”
पीएम मोदी ने राज्य की जनता, जनप्रतिनिधियों और सरकार से आह्वान किया कि वे विधानसभा को ऐसा केंद्र बनाएं, जहां से विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग तय हो।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों इस भवन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया विधानसभा लोकतंत्र और लोकसेवा की परंपराओं को और मजबूत करेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह भवन लोकतंत्र का नया मंदिर है। उन्होंने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा, “यह वही प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने राम मंदिर निर्माण कराया, धारा 370 हटाई और गरीबों को सम्मानपूर्वक जीवन दिया।”
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा। उन्होंने कहा कि नया विधानसभा भवन जनता और सरकार के बीच सेतु बनकर राज्य को नई दिशा देगा