भोपालपटनम में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर सहित सागौन चिरान जप्त

0 रेत की आड़ में की जा रही थी सागौन की तस्करी 

भोपालपटनम। दीपावली त्योहार के मद्देनज़र अवैध सागौन लकड़ी की तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया है। इस दौरान भोपालपटनम वन परिक्षेत्र के तहत वन जांच नाका के पास वन अमले ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली में छुपाई गई सागौन की लकड़ी जप्त की है।
जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच वन विभाग की टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली संदेहास्पद अवस्था में आती दिखाई दी। ट्रॉली में ऊपर से रेत भरी हुई थी और उसके ऊपर प्लास्टिक की झिल्ली बिछाई गई थी। शक होने पर वनकर्मियों ने जब झिल्ली हटाकर जांच की, तो उसके नीचे 76 नग सागौन चिरान छुपाई हुई मिली। वन विभाग के अनुसार जप्त लकड़ी की मात्रा लगभग 1.100 घन मीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रू. से 50 हजार रुपए के बीच आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। विभाग ने ट्रैक्टर व लकड़ी दोनों को जप्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी के निर्देश पर, उप वन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के समय अवैध लकड़ी परिवहन की आशंका के चलते पूरे क्षेत्र में जांच अभियान को और तेज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *