सेक्स रैकेट का सनसनीखेज खुलासा: नाबालिग को नौकरी का लालच देकर बनाया बंधक, दो महिलाएं जेल में!

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती को देह व्यापार के दलदल में धकेलने का घिनौना खेल सामने आया है। पुलिस ने इस सेक्स रैकेट की सरगना प्रीति बेसरा और उसकी साथी सीमा सोनी को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। पीड़िता की हिम्मत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस काले धंधे का पर्दाफाश किया।

नौकरी का झांसा, फिर शुरू हुआ जुल्म

मध्यप्रदेश के अनूपपुर की रहने वाली नाबालिग पीड़िता की जिंदगी तब उजड़ गई, जब नवरात्रि मेले के दौरान कटनी स्टेशन पर उसकी मुलाकात प्रीति बेसरा से हुई। प्रीति ने अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का लालच देकर उसे दुर्ग खींच लाई। यहां उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर दूसरों को भेजी गईं। पीड़िता को एक घर में बंधक बनाकर अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर प्रीति और सीमा ने तस्वीरें-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

पीड़िता की हिम्मत, पुलिस की कार्रवाई

नाबालिग ने हार नहीं मानी। उसने मौका पाकर खुद को छुड़ाया और सीधे मोहन नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत पॉक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता की निशानदेही पर प्रीति और सीमा को धर दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस मामले ने दुर्ग में मानव तस्करी और देह व्यापार के काले कारोबार की गहरी जड़ों को उजागर किया है। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *