रायपुर। कांग्रेस द्वारा सत्तारूढ़ भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान पर छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस से सबूत मांगे थे, लेकिन वे कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सके। वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह खारिज कर दिया है और उनके पास अब कहने को कुछ बचा नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने पीएम मोदी को ‘चौकीदार चोर’ कहा और अब ‘वोट चोर’ कहकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन उनका जनाधार प्रदेश और देश में खत्म हो चुका है।
मंत्री वर्मा ने कांग्रेस के संगठन सृजन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ, मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक लोकतांत्रिक तरीके से नियुक्तियां होती हैं, जबकि कांग्रेस में पहले राष्ट्रीय नेता नियुक्त होते हैं और फिर उनके नीचे अन्य नेताओं की नियुक्ति होती है। वर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वे ऐसे बूथ अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, जो उनके आदेश पर ‘कुत्ते की तरह भौंके’।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में इस साल कम बारिश के कारण कई किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। इस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग सभी जिलों में सर्वे कर रहा है। सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद प्रभावित फसलों और क्षेत्रों की स्थिति स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।